Copyright

Copyright © 2026 "मंथन"(https://www.shubhrvastravita.com) .All rights reserved.

सोमवार, 23 नवंबर 2026

“वह सांझ अब भी वहीं है”

वह सुरमई सांझ
 आज भी स्मृति की देहरी पर
 धीरे-धीरे उतरती है जिसमें
 पीतल की थाली-सा सूरज
 धान के खेतों के पार
 क्षितिज में डूब जाया करता था।

लौटते पंछियों के झुंड
 आकाश की नीली पट्टी पर
पूरे दिन की इबारत लिखते,
 और मैं बादलों की रूई में
 कभी नाव, कभी घोड़ा तो कभी 
  अपना काल्पनिक घर खोजती।

घरों की मुंडेर के ऊपर उठता धुआँ
 दूर से ही जता देता कि
 सब गृहणियों ने चूल्हें जलाए हैं 
  तवे पर फूलती रोटियों की गंध में
 भूख से पहले घर मिलता था माँ का प्यार 
 और उसकी डाँट में
 दूध-सी घुली मनुहार।

गली की धूल में
 हमारी शामें खेलती थीं और
 कंचों में चमकता था आकाश का नीलापन 
 गिल्ली की उड़ान में खुलता था क्षितिज
जहाँ न आज का हिसाब था
 न ही कल की कोई जल्दी।

अँधेरा जब आँगन की चौखट तक आता,
  तो माँ की आवाज़
 गली में रोशनी सी फैलती -

“घर आ जा…”

काश, समय की भी
 कोई पगडंडी होती,
 जिस पर उलटे पाँव चलकर
 हम फिर से उस उम्र तक पहुँच पाते
 जहाँ शामें छोटी थीं
 और खुशियाँ बहुत बड़ी।

***


2 टिप्‍पणियां:

  1. मन को छू गई आपकी ये भावाभिव्यक्ति मीना जी

    जवाब देंहटाएं
  2. सराहनीय प्रतिक्रिया ने सृजन को सार्थक किया ,हृदय से असीम आभार आदरणीय जितेंद्र जी!

    जवाब देंहटाएं

मेरी लेखन यात्रा में सहयात्री होने के लिए आपका हार्दिक आभार 🙏

- "मीना भारद्वाज"