Copyright

Copyright © 2026 "मंथन"(https://www.shubhrvastravita.com) .All rights reserved.

शनिवार, 5 नवंबर 2016

"अन्तर"

बचपन में स्कूल से आकर अपना बैग पटकते हुए मैनें शिकायती लहज़े में माँ से कहा - “तुम मुझ में और भाई में भेद-भाव रखती हो , उसको शाम तक भी घर से बाहर आने-जाने की छूट और मुझे नही.” माँ ने निर्लिप्त भाव से मेरी ओर देखते हुए पूछा-”आज यह सब कहाँ से भर लाई है कूड़ा-कबाड़ दिमाग में।’
             “स्कूल में “समाज में लिंगभेद’ पर स्पीच थी , उसमें यह बात भी थी कि लड़कियों को लड़को से कम समझा जाता है । लड़कों को ज्यादा सुविधाएँ मिलती हैं।” और यह बात सच भी है मुझे बाहर कहाँ खेलने जाने देती हो तुम.
                                                     माँ ने बड़ी सहजता से कहा-”भाई के हर महिने बाल कटाती हूँ , तेरे बाल लम्बे हैं ,भरी दोपहरी या शाम को गलियाँ सुनसान होती हैं ऐसे समय-कुसमय बुरी आत्माएँ घूमती हैं इसलिए लड़कियों को बाहर जाने से रोका जाता है ।“ बाकी तू जानती है मैनें खाने-पीने, पहनने-ओढ़ने में कभी भेद नही किया तुम दोनों में। बाल-सुलभ जिद्द वही की वही रुक गई क्योंकि मुझे भूत-प्रेतों के नाम से ही डर लगता था यूं भी लाईट जाते ही मैं उल्टा-सीधा जैसा भी याद था
हनुमान-चालीसा बुदबुदाना शुरु कर देती थी।
                                   माँ की बात सही भी थी माँ को मैनें मेरे परीक्षा-परिणाम पर सदा खुश होते ही देखा। छोटे भाई और बहन को बड़े भइया की बजाय अच्छे से मैं रखूंगी इस बात का विश्वास था उन्हें। कई बार वाद-विवाद तो कई बार निबन्ध प्रतियोगिताओं में दहेज-प्रथा और लड़के-लड़की के मध्य असमानता जैसे विषय उठ जाया करते थे । नारी जाति के प्रति उपेक्षित व्यवहार की चर्चा कक्षा-कक्षों में भी होती थी और मैं स्कूल से आते ही राम चरित मानस या गीता-पाठ करती माँ के पास अपना रोष व्यक्त करने पहुँच जाती मानो मेरी जिद्द थी कि मैं माँ को साबित कर दिखाऊँ कि अन्तर है समाज में नारी और पुरुष वर्ग में ।
                     माँ शान्ति से मेरी बात सुनती और समझाती कि अवसर की समानता लड़कियों पर भी निर्भर है।वैदिक काल में मैत्रेयी,अपाला, गार्गी और विश्ववारा जैसी विदुषियाँ ऋषियों के समकक्ष थीं। माँ दुर्गा,लक्ष्मी और सरस्वती भी स्त्रियाँ ही हैं ना….,और तू ये गाती फिरती है -”खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।” यह भी तो लड़की ही थी ना । मैं कई बार उनके सामने हथियार डाल देती और कई बार अपनी बुध्दि
अनुसार नए तर्क खोजने लगती।
                                                   आज मैं बड़ी हो गई हूँ , माँ भी नही रही। घर-परिवार में  भी लड़कियाँ हैं , कुछ बड़ी हैं और कुछ बड़ी हो रही हैं मगर सवाल आज भी वही हैं। जिद्द भी वही है कि समाज में लिंगभेद असमानता है । लड़कियों के लिए विकास के अवसर कम है वगैरा-वगैरा । कई अवसर होते है ऐसे जब माँ के समझाने का ढंग याद आता है। असमय निर्जन स्थानों पर होने वाली महिलाओं के साथ दुर्घटनाएँ..  ,अक्सर माँ के बाहर जाने से रोकने के तर्क की याद  दिलाती है।अवसर की समानता के लिए वैदिक युग की विदुषियों के उदाहरण , सम्मान और सशक्तिकरण के लिए त्रिशक्ति और आवश्यकता पड़ने पर रानी लक्ष्मी बाई।
                                            आज की भागती-दौड़ती दुनियाँ में शायद वक्त ही नही है किसी के पास बालमन की जिज्ञासाओं को शान्त करने का।
                                        “Don’t argue . चुप्प कर , ये कौन सा project है ?अपनी tuition-teacher.से पूछ लेना “ जैसे जुमले सुनने को मिल जाते हैं। सवाल आज भी वही हैं बस जवाब देने के ढंग में अन्तर आ गया है शायद ।

XXXXX                       

गुरुवार, 3 नवंबर 2016

"बोन्साई"

एक मुद्दत पहले गीली माटी में
घुटनों के बल बैठ कर
टूटी सीपियों और शंखों के बीच
अपनी तर्जनी के पोर से
मैंंने तुम्हारा नाम लिखा था ।

यकबयक मन में एक दिन
अपनी नादानी देखने की
हसरत सी जागी तो पाया

भूरी सूखी सैकत के बीच
ईंट-पत्थरों का जंगल खड़ा था
और जहाँ बैठ कर कभी
मैंंने तुम्हारा नाम लिखा था वहाँ
मनमोहक सा एक
बोन्साई का पेड़ खड़ा था ।।


XXXXX

शनिवार, 29 अक्टूबर 2016

"यादें-3"

कभी-कभी यूं भी होता है
कि आप एक शिद्दत से
कुछ याद करते हैंं मगर
वक्त रेत की मानिन्द
आपकी मुट्ठी से फिसल जाता है।
कभी-कभी यूं भी होता है
कि अकारण ही
कुछ देखकर, कुछ सोचकर
कुछ यादें आपके दिल में उभर आती हैं।
मगर जज़्बातों की अनदेखी
कभी आपकी, कभी उसकी
उन मीठे लम्हों को दिल में
कहीं दफन कर देती है।
कभी अचानक
दिल के दरवाजे पर दस्तक दो तो
यादों के समन्दर में
एक हल्की सी आहट होती है
और दिल गहराइयों से कहीं एक आवाज उभरती है
ओ-----ऐसा क्या?


XXXXX

गुरुवार, 27 अक्टूबर 2016

"यादें-2"


सुरमई सांझ,सोने सी थाली सा ढलता सूरज
तरह-तरह की आकृतियों से उड़ते पंछी
घरों से उठता धुँआ,
चूल्हों पे सिकती रोटियों की महक
गलियों में खेलते बच्चे
माँ की डाँट,खाने की मीठी मनुहार
जाने कहाँ खो गए
एक दूसरे से आगे जाने की होड़
जिन्दगी की भागमभाग,
सब कुछ पा लेने की स्पर्धा मे
हम कुछ थे कुछ और हो गए
अठखेलियाँ करता बचपन,
बादलों में तस्वीरें बनाने की कल्पना
जाने कहाँ रह गई
पछुआ पवनों की सिहरन,
बरखा की बूँदों की छम-छम के साथ खिलती  हँसी
ना जाने कौन दिशा में बह गई
पूर्णिमा की सांझ,
मेरे साथ चलता चाँद
चाँद में चरखा कातती बुढ़िया,
नीम का पेड़
यादों में डूबा मन
रोशनी के उजालों मे,
भागती भीड़ में ,यातायात के जाम में
ना जाने कहाँ खो गया
शरद पूर्णिमा का चाँद,
चाँदनी में सुई पिरोने का सपना
इस शहर की तरह अजनबियत
की चादर ओढ़ , मेरा साथ छोड़
किसी और का हो गया 

XXXXX

रविवार, 23 अक्टूबर 2016

"शुरुआत"

लम्बी खामोशी के बाद
एक दिन आवाज आई---
"फिर से शुरुआत करें
सुख-दुख साझा करने की"
तीर सी सिहरन
समूचे वजूद को सिहरा गई
कुछ देर की चुप्पी
और अन्तस् से एक आवाज उभरी
ऐसा है - “वक्त गुजर गया”
बहुत काम बाकी हैं
जो हमारे साझी थे
कुछ मेरे और कुछ तुम्हारे
ऐसा है....
मेरे पास काम बहुत हैं
और तुम्हारे पास फुर्सत
खाली वक्त में कुछ
पुनरावलोकन कर लो
अगली बार ऐसा करना
मेरे और तुम्हारे काम
बराबर साझा करना
अगर उसकी मर्जी हुई
तो एक बार और सही--
फिर से शुरुआत करेंगे
अपने सुख-दुःख
साझा करने की





XXXXX

रविवार, 16 अक्टूबर 2016

“क्षणिकाएँ”

( 1 )

अपनेपन की धूप

कुछ कुनकुनी सी है
नील निर्झर दृगों का गीलापन
गवाह है इस बात का
उस पार के ग्लेशियर
पिघलने लगे हैं .

( 2 )
कौन से ईंट - गारे से तुमने
जिद्द का मजबूत पुल
तैयार किया है ?
स्नेहभाव से कितनी भी सेंध लगाओ
फेवीकोल के जोड़ से भी
मजबूत और गाढ़ा जोड़ है
लाख जतन करो टूटता ही नही .

XXXXX

शनिवार, 15 अक्टूबर 2016

“प्रकृति-3”

रेतीले धोरों पर ओस की बूँदें
श्वेत मोतियों की चादर सी लगती है ।

मलयानिल के झोंकों से झुकी धान की बालियाँ
नृत्य करती अप्सराओं समान लगती हैं ।

शरद ऋतु में धवल अलंकारों से सजी प्रकृति
माँ सरस्वती सी महान लगती है ।

XXXXX