Copyright

Copyright © 2026 "मंथन"(https://www.shubhrvastravita.com) .All rights reserved.
क्षणिकाएँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
क्षणिकाएँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 28 दिसंबर 2025

“क्षणिकाएँ”

उड़ती रेत पर मंजिल का ठिकाना 

ढूँढता रहा बटोही

मरु -लहरियों  में गुम 

मंजिल का ठिकाना तो नहीं मिला 

मगर मिली

रेत के दरिया में सिमटी असंख्य कहानियाँ । 


*


घर के स्टोर-रूम में संभाल कर रखती हैं 

गृहणियाँ  अपने सामान की

 पोटली …,

जिसमें बँधा होता है उनका अपना

ग़ैरज़रूरी..,

लेकिन बहुत ज़रूरी सामान ।


*


(पुस्तक :-पत्तियाँ चिनार की -अंतस् की चेतना )

गुरुवार, 17 अप्रैल 2025

“क्षणिकाएँ”

वक्त की शाख़ पर

 लदे खट्टे-मीठे फलों सरीखे 

अनुभवों को 

चिड़िया के चुग्गे सा

अनवरत 

चुनता रहता है इन्सान 

इसी का नाम ज़िंदगी है 


***


सोच के बिंदु न मिले तो

रहने दो स्वतन्त्र 

उस राह पर चलने का

भला क्या सार

जो गंतव्य की जगह चौराहे पर

जा कर ख़त्म हो जाए 


***



गुरुवार, 27 मार्च 2025

“क्षणिकाएँ “

 

समझ से परे है जीवन दर्शन की बातें 

बहुत बार .,,

अच्छा समय, अच्छे अनुभव, अच्छी बातें

ब्लैक-बोर्ड पर लिखे 

संदेश की तरह हो जाती हैं वाइप आउट 

लेकिन समस्या तब 

सुरसा सरीखा मुँह खोल देती है 

 जब हज़ार झंझटों के बाद भी

 दर्द की बातें  ..

चिपकी रह जाती है मन की दीवारों पर

उखड़े पलस्तर की मानिंद 


***

 मृगतृष्णा का आभास 

 अथाह बालू के समन्दर में ही नहीं होता

कभी-कभी हाइवे की सड़क पर 

चिलचिलाती धूप में भी

दिख जाता है बिखरा हुआ पानी

बस…,

मन में प्यास की ललक होनी चाहिए 


***


मंगलवार, 21 जनवरी 2025

“क्षणिकाएँ”

समय रहते मोह भंग का

अहसास 

हो जाना अच्छी बात है  इससे 

शेष सफ़र

तय करने में आसानी रहेगी 

आख़िरकार ..,

 मंज़िल पाने का लक्ष्य भी तो

 जन्म के साथ ही

 तय हो जाया करता है 


*

तथ्य चाहे जो भी रहे हो 

सत्य का शाश्वत होना

जग ज़ाहिर सी बात है

 फिर भी.., न जाने क्यों ..?

इस फ़लसफ़े को 

नज़रअंदाज़ कर के

जीने की राह..,

आसान हो जाया करती है 


*

शुक्रवार, 13 दिसंबर 2024

“क्षणिकाएँ“

धूप खुल कर हँसी हैं

कई दिनों के बाद 

ठिठुरन से अकड़ी कोंपलें 

अभी-अभी अँगड़ाई के मूड में 

आईं ही थीं कि..,

वह नटखट लड़की सी 

जा छिपी बादल की गोद में 

🍁

माना खूबसूरती में गुलाब का 

कोई सानी नहीं ..,

मगर उसकी महक अब

कहीं खो सी गई है

 शायद इसीलिए आजकल

अपनी आँखें…,

गुलमोहर को ढूँढती हैं 

🍁



मंगलवार, 26 नवंबर 2024

“वक़्त”

मैंने बचपन से कहा -

“चलो ! बड़े हो जाए !”

उसने दृढ़ता से जवाब दिया - 

ऐसा मत करना ! 

अगर हमारे बीच 

बड़प्पन की दरार आई तो 

एक दिन खाई बन जाएगी 

 तुम्हें पता तो है -

खाई को पाटना तुम्हारे और मेरे लिए

कितना मुश्किल हो जाएगा 

क्योंकि..,

“गया वक़्त दुबारा नहीं लौटता ।”


🍁


गुरुवार, 15 फ़रवरी 2024

“क्षणिकाएँ”

तुम्हारी ठहरी सी आवाज सुन

मेरा अन्तस मुस्कुरा दिया -

चलो ! अच्छा  है ..,

तुम्हारे मन की थाह पाकर

मेरी उम्र के कुछ और 

बरसों को उड़ान की ख़ातिर 

पंख मिल गए ।


*


दुनिया देखने के लिए

 मेरे लिए., 

मेरा अपना चश्मा ही ठीक है 

तुम्हारे चश्मे के शीशों के

उस पार..,

मुझे सब कुछ धुंधला सा

नज़र आता है जिसको देख

मेरा मन ..,

बहुत किन्तु-परन्तु करता है 


*

सोमवार, 27 नवंबर 2023

“क्षणिकाएँ”

“स्त्रियाँ”


अपनी उपस्थिति 

दर्ज करवाने की चाह में कि - 

“मैं भी हूँ ..”,

 उनका मौन मुखर 

होते होते रह जाता है 

और..,

अवसर मिलने तक

अभिव्यक्ति गूंगेपन का

सफ़र तय कर लेती है 

 

*


“प्रेम”

 

भग्नावशेषों और चट्टानों 

की देह पर अक्सर 

उगा दीखता है प्रेम

सोचती हूँ…,

अमरता की चाह में

 अपने ही हाथों प्रेम को

लहूलुहान..,

 कर देता है आदमी


*

रविवार, 1 अक्टूबर 2023

“क्षणिकाएँ “

निरभ्र गगन में..,

 अपनी धुन में मगन

वह अकेला ही..,

भर रहा था  परवाज़ें 

देखते ही देखते..,

साथी जुड़ते चले गए 

और..,

कारवाँ बनता गया 


*


सुना है…,

उनकी लिस्ट में अपना

नाम नहीं है 

 दुनियादारी की परिपाटी 

कहती है कि..,

रस्म अदायगी तो अब

अपनी तरफ से भी बनती है 

निभाने की परम्परा 

सभ्य होने की परिचायक है ।


*


अपरिचित आंगन में

गुलाब की कलम सी हैं

लड़कियाँ..,

जमीन से जुड़ाव में

थोड़ा वक्त लगता है 


*