Copyright

Copyright © 2026 "मंथन"(https://www.shubhrvastravita.com) .All rights reserved.
त्रिवेणी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
त्रिवेणी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 9 अगस्त 2025

“त्रिवेणी”

औद्योगीकरण, शहरीकरण विकास के मानक हैं.., 

जंगल भी हरित नहीं ईंट -पत्थरों के बनते जा रहे है 


यह सब देख कुदरत भी मौन न रह कर मुखरित होना सीख गई ।


🍁


काँच से पानी में भीगी संकरीली-सर्पीली ,कच्ची पक्की सड़क

और बर्फ़ की सफेद पोशाक में लिपटे पर्वतों के साथ दरख़्त 


खूबसूरती का भयावह रुख़ यह भी- “बस घाटी में जा गिरी ।”


🍁


                                          

                                  पत्तियाँ चिनार की (अंतस् की चेतना) से


        

शनिवार, 14 जून 2025

“त्रिवेणी”


मंजिल की खोज की धुन में

निकल पड़ा सफ़र पर ज़िद्दी मन


इतना निकला आगे कि अब खुद की तलाश में है ।



***

बुधवार, 1 जनवरी 2025

त्रिवेणी ( समय )

जीवन की राहों में कड़वी निम्बौरियाँ ही नहीं होती

 मीठे फलों की झरबेरियाँ भी होती हैं  बस ..,


 समय की आँच पर पके क्षण धैर्य की माँग करते हैं ।


🍁


तुम आए ..,साथ रहे.., किसी ने तुम्हे समझा.., किसी ने नहीं , 

तुम्हे अलविदा कह , तुम्हें ही बाँट , तुम्हारा स्वागत करते हैं…,


समय तुम बहुत अच्छे हो , हमारी ग़लतियाँ माफ़ करते हो ।


🍁

 

बुधवार, 25 सितंबर 2024

“त्रिवेणी”

उलझी हुई “जिग्सॉ पजल” लगती है जिन्दगी 

जब इन्सान अपनी समझदारी के फेर में 


रिश्तों को सहूलियत अनुसार खर्च करता है ।


*

सुनामी की लहरों सरीखी है लिप्सा की भूख

कल ,आज और कल का कड़वा सच


युद्धों का पेट मानवता को खा कर भरता है ।


*

शनिवार, 18 मई 2024

त्रिवेणी

 कमरे में मैंने करीने के साथ बहुत दिनों से 
सहेज कर रखी हैं तुम्हारी  धरोहरें..,

बस इसके लिए चन्द ख़्वाहिशों के पर कुतरने पड़े ।


🍁


बेहिसाब अनियंत्रित धड़कनें न जाने

कौन सा संदेश देना चाहती हैं…,


तुम्हारे आने का..,या मेरे जाने का ।


🍁


 वक़्त के साथ प्रगाढ़ता दिखाने की धुन में

रिश्ते भी बोनसाई जैसे  लगने लगते हैं ..,


 कांट-छांट के बाद मोटे लेंस के चश्मे की दरकार होगी।


🍁


तुम्हारे नेह की जड़ें गहरी जमी हैं 

 दिल की ज़मीन पर.., 


 बहुत बार खुरचीं मगर दुबारा हरी हो गई ।


🍁


सोमवार, 16 अक्टूबर 2023

“त्रिवेणी”

महंगाई के ग्राफ़ सा बढ़ता शहर और

कहीं किसी कोने से गुजरती एक कच्ची सी गली..,


न जाने कितने गाँव समाये है इसके वजूद में ।


***


जीवन की धुरी होने के बाद भी

न जाने क्यों ठहरी ठहरी लगती हैं…,


स्त्रियाँ मुझे झील सरीखी लगती हैं ।


***


विषम समय में मित्र से बड़ा कोई शत्रु 

और शत्रु से बड़ा कोई मित्र नहीं होता..,


गहरे भेदी आपद में दुख का कारण बनते हैं ।


***

शुक्रवार, 3 मार्च 2023

“त्रिवेणी”

Click by me

आँगन की माटी और छत की मुँडेरों से

गौरैयाओं के परिवार कहीं खो गए है ..,


लुप्त प्रजाति की सूची में प्रेम अब सबसे ऊपर है 

                  

🍁


फ़ुर्सत के पलों में तेरे गली-कूचों में 

भटकता फिरता है़ ख़ामोश मन..,


उम्र भर के नेह की बात जो ठहरी ।


🍁


तुमसे मिलना ख़्वाबों में ही हुआ करेगा

बिछड़ते वक़्त यह सोचा नहीं था..,


मुद्दतें हुईं अपने बीच के सभी पुल ढहे ।


🍁


सोमवार, 14 नवंबर 2022

“त्रिवेणी”



मेघों की उदंडता अपने चरम पर है 

धरा से लेकर धरा पर ही उलीचते रहते हैं पानी..,


 अब इन्हें कौन समझाए लेन-देन की सीमाएँ ॥

🍁


इतिहास गवाह रहा है इस बात का कि 

भाईचारे में नेह कम द्वेष अधिक पलता है ..,


औपचारिकता के बीच ही पलता है सौहार्द ॥

🍁


मेरे पास हो कर भी कितने दूर थे तुम

फासला बताने को मापक भी कम लगते हैं 


उलझनों के भी अपने भंवर हुआ करते हैं 


🍁

बुधवार, 13 जुलाई 2022

“त्रिवेणी”



दिन थक गया चलते चलते और अब तो

सूरज की तपिश भी बुझ सी गई है …,


आओ ! हम भी सामान समेट लें ।


🍁


हवाएँ चिंघाड़ कर धकेलती रही टफण्ड ग्लास

और वह भी टिका रहा स्थितप्रज्ञ सा…,


जीने का सलीका कभी-कभी यूँ भी दिखता है ।


🍁


 बेज़ुबान अनगढ़ पत्थरो के बीच से

 बह निकला कल-कल करता जल स्त्रोत..,


वक़्त के साथ ख़ामोशी भी बोलना सीख जाती है  ।


🍁


बुधवार, 18 मई 2022

“त्रिवेणी”



बालकनी में नहाए धोये गमलों में खिले गुलाब 

रेलिंग से बाहर हुलस हुलस कर झांक रहे हैं और ..,


उस पार मैदान में गुलमोहर अपने साथियों संग इठला रहे हैं ॥

🍁


मन सिमट रहा है खोल में कछुए जैसा

और उसी खोल में अभिव्यक्ति भी ..,


पर ग़ज़ब यह कि शोर बहुत करता है ॥

🍁


किर्चें चुभ गई काँच सरीखी

और लहू की बूँद भी नहीं छलकी.., 


गंगा-जमुना हैं कि बस.., बह निकली ॥


🍁



शनिवार, 23 अप्रैल 2022

“त्रिवेणी”



दूध की धार सी ..,निर्मल आसमान में..

कभी-कभी ही दिखती है आकाश गंगा ।


सुकून के पल उससे होड़ करना सीख गए हैं ॥

🍁


तुम आए और बिना द्वार पर दस्तक दिये…

खामोशी से ही अलविदा कह लौट भी गए  ।


रुकते तो जीवन राग सप्त सुरों में गा उठता ॥

🍁


गलत पते पर भेजी शुभेच्छाएं कभी-कभी…

 सही जगह भी पहुँच जाया करती है ।


सच्चे दिल की दुआ कभी असफल नहीं होती ॥

🍁

शुक्रवार, 11 मार्च 2022

“त्रिवेणी”



जलती-बुझती रोशनियों को साफ़ आसमान से

निहार रहा है  तारों के साथ दूज का चाँद 


छोटी-छोटी ख़्वाहिशें भी आसमां सा साथ माँगती हैं 


🍁


विचारों के निर्वात की स्थिति में शून्य में डूबा मन

चंचल बच्चे सा अनुशासनहीनता की चादर ओढ़


भरी दोपहरी में नंगे पाँवों तपती रेत में घूमता है ।


🍁


एक जैसी प्रकृति होती हैं

खरपतवार और स्मृतियों की


जितना हटाओ उतनी ही बढ़ती जाती हैं ।


🍁


निर्बल और आम आदमी की परेशानी जताती है 

कुछ लोगों की भयावह लिप्सा की भूख  


आदिकाल से होते युद्ध इस बात की गवाही देते हैं ।


🍁

रविवार, 25 अप्रैल 2021

"त्रिवेणी"



ईर्ष्या और रंजिश के भाव...

फसल के रुप में उगते तो नहीं ।


बस अमरबेल से पल्लवित हो जाते हैं ।

--


 हाथ मिलाने भर से क्या होना है..,

 गले लग कर भी अपनापा महसूस नहीं होता ।


 दिल की जमीनें भी अब ऊसर होना सीख गई है ।।

--


ऑनलाइन मंगवाया सामान कभी कभी…,

दरवाजों पर पड़ा पूछता सा लगता है कुशलक्षेम ।


कभी-कभी संवेदनाएँ  यूं भी दिखती हैं ।।

--


शहर और गाँव उदास व गमगीन हैं..,

इन्सान भी हताशा और निराशा में डूबा है ।


'कोरोना' को फिर से भूख  लगी  है ।।


***