Copyright

Copyright © 2026 "मंथन"(https://www.shubhrvastravita.com) .All rights reserved.
लघुकथा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लघुकथा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 17 मार्च 2020

"अधिकार"

छवि को देख गुंजन को यकीन नहीं हुआ कि यह   वही छवि है जिसकी चंचलता और शरारतों से उन पाँच सखियों की मंडली गुलजार हो जाया करता थी । अगर एक दिन वह न आती तो दूसरे दिन उसकी जम कर क्लास लगती कि कल वह कहाँ थी ? कॉलेज से बी.ए.करने के बाद वह अपने पिताजी के ट्रांसफर के साथ ही परिवार सहित भोपाल शिफ्ट हो गई । उदयपुर में सभी से फोन सम्पर्क कुछ समय रहा लेकिन धीरे-धीरे सभी घर-गृहस्थी में रम गई । अल्हड़पन की जगह परिपक्वता सभी में आ गई थी । परिपक्वता का संबंध शायद बचपन के मैत्रीपूर्ण संबंधों से दूरी और खुद की गृहस्थी में रम जाने से है बाकी विचारों की परिपक्वता को समझ पाना हर किसी के बस की बात कहाँ होती है ?
 बरसों बाद अचानक मॉल में छवि गुंजन को देख कर पहचान नहीं पाई...कितना बदल गई थी वह..चेहरे पर हरदम रहने वाली मुस्कुराहट का स्थान उदासी और गंभीरता ने ले लिया था । पुणे में चार साल से रहती छवि को पहली बार पता चला कि उसकी प्रिय सखी की ससुराल यहीं पर है । आपस में पता और  फोन नंबर ले और फिर से मिलने का वचन लेकर उन्होंने विदा ली । मिलने का मौका भी बहुत जल्दी ही मिला..एक दिन गुंजन का फोन आया कि पति व घर के सभी सदस्य शादी में गए हैं वह अस्वस्थ होने के कारण घर पर ही है क्या वो उससे मिलने आ सकती है ? मोहित स्कूल से घर आ चुका था अतः ना का तो सवाल ही नहीं था , पति को फोन पर जाने की सूचना देकर  छवि के घर जाने के लिए दोनोंं माँ -बेटा ऑटो स्टैंड की ओर बढ़ गए ।
 घर पर छवि और उसकी बिटिया थीं । जो माँ के निर्देशानुसार मोहित को स्टडीरूम में ले गई । उसे याद आया उनके ग्रुप में छवि की सगाई बी.ए. फाइनल कम्पलीट होने से पहले ही हो गई थी , अक्सर वे सभी उसको कितना छेड़ा करती थी और दूध सी उजली छवि उनके हँसी-मजाक के चलते गुलाबी हो जाया करती थी । मगर अब वो छवि कहाँ थी...ये छवि तो अलग ही है मानों मूर्ति खड़ी हो  सामने । बस एक ही अन्तर था वह सजीव थी । बहुत पूछने की जरूरत ही नही पड़ी..बच्चों के हटते ही वह उसके कंधे पर सिर रख कर रो पड़ी । कुछ देर बाद सहज होने पर उसने बताया--- परम्पराओं में बंधे ससुराल में सब कुछ होने के साथ-साथ अपनी वर्जनाएं भी हैं । साधारण व्यक्तित्व के मालिक पतिदेव को उसका चंचल स्वभाव पसंद नहीं था , उसकी खिलखिला कर हँसने की आदत उनकी नजर में फूहड़ता थी तो सबसे घुलमिल कर बात करने का स्वभाव निहायत ही मूर्खतापूर्ण हरकत । मायके में सब की चहेती खूबसूरत सी छवि का सजना - संवरना भी उन्हें पसंद नहीं... अपने आपको भूल कर  पति के साँचे में ढलने के प्रयास में चंचल निर्झर से स्वभाव वाली छवि संगमरमरी प्रतिमा ही तो लग रही थी । अचानक गुंजन के रूप में अतीत को सामने देख वह अपने पर से नियंत्रण खो बैठी और व्यथा आँखों से बह निकली ।
मोहित और अनन्या के वापस आ जाने से दोनोंं की बातों
का सिलसिला वहीं थम गया और बातों का केन्द्र बिन्दु बच्चे
बन गए । अनन्या प्यारी सी बच्ची थी जो सेवन्थ स्टैंडर्ड में पढ़ रही थी । अपने घर के वातावरण के अनुसार बच्ची भी गंभीर स्वभाव की थी । सांझ होने से पहले फिर से मिलने का वादा ले और खुद का ख्याल रखने की हिदायत दे वह मोहित के साथ घर लौट आई ।
रात में सोने से पहले बच्चे ने होमवर्क पूरा किया कि नहीं  , यह जानने के लिए वह मोहित का बैग चेक कर रही थी तभी मोहित ने आज जो कुछ नया देखा और सीखा उसके लिए जिज्ञासु स्वभाव के अनुरूप प्रश्न पूछा  -- मम्मी मूल अधिकार -- समानता ... स्वतंत्रता .. और...और…,अनन्या दीदी पढ़ रही थी बुक में..बताओ ना क्या... और क्या होता है ? मैं तो भूल भी गया..,.गुंजन सोच रही थी --- "अधिकारों - कर्तव्यों की शिक्षा की पौध छोटी कक्षाओं से आरम्भ होकर 
 शिक्षा के उच्चतम स्तर तक पहुँचती हुई  वटवृक्ष सी बनती है…. मगर किताबों के पन्नों से व्यवहारिकता के धरातल पर उन्हें पाने के लिए कितने सागर..पर्वत और मरूस्थल
लांघने पड़ते हैं । महिलाओं के लिए नंगे पैरों का यह सफ़र कठिन ही नहीं दुसाध्य भी है । कितनी हैं ऐसी जो यह सफ़र तय कर लेती हैं और कितनी ही बीच राह ...हौसला छोड़
देती हैं ।" 
कंधे को हिलाता मोहित अपनी माँ की तंद्रा भंग करने की कोशिश कर रहा था ।

★★★★★

सोमवार, 10 फ़रवरी 2020

"गंगा"

स्कूल से आते समय एक दिन गली में दो  गोल -मटोल  अपरिचित बच्चों को खेलते देख कर सोचा कि पड़ोस में किसी की रिश्तेदारी में‎ कोई परिवार आया होगा जिनके 
 साथ ये बच्चे हैं । बच्चे सभी मासूम होते हैं मगर उन के
 चेहरे पर एक अलग सी आत्मीयता भरी मुस्कान थी  जो बरबस मन को छू गई । 
       रात को खाना खाने के बाद छत पर टहलने गई तो गली में सामने वाली खण्डहरनुमा हवेली के आंगन में रोशनी दिखाई दी ।  बरसों पुरानी हवेलियाँ कस्बों में देखभाल के अभाव में खण्डहरों में तब्दील हो जाती हैं जिनको कभी इनके मालिकों ने बड़े अरमानों से बनवाया होगा । दूर-दराज क्षेत्रों से व्यापार में धन कमा कर  यहाँ के निवासियों ने अपने लोगों के बीच रुतबे  का प्रदर्शन करने का शायद यही तरीका अपनाया हुआ था क्योंकि रहने के लिए तो वे इनमें कभी कभार और न के बराबर ही आते थे । आजीविका और व्यवसायिक निर्भरता के कारण  इन हवेलियों के वंशजों का झुकाव भी शहरों की ओर ही रहा । धीरे-धीरे वे घर लौटने का रास्ता शायद भूलते चले गए। परिणाम स्वरूप समय के साथ ये शानदार हवेलियाँ रख - रखाव के अभाव में वीरान और खंडहर होती गई । कभी-कभार ही कोई भटका
मुसाफिर मोह में बँध कर लौटता है तो हैरानी ही 
होती है। 
      कुछ देर घूमने के बाद छत से नीचे‎ उतर कर मैंने अम्मा‎ से पूछा -- "अम्मा सामने की हवेली में कौन आया है ।" 'गंगा आई है अपने दो बच्चों के साथ । पति नशा करता है  कभी काम करता है कभी नही करता इसलिए ये  किसी के यहाँ खाना बनाने काम करती है उन्हीं लोगों ने हवेली का एक कमरा खुलवा दिया है ।'  एक दिन गली में दिखी वह  अपने बच्चों‎ के साथ । बच्चों के जैसी ही उजली वैसी ही निश्च्छल और जीवन से भरपूर आत्मीय मुस्कुराहट   के साथ । उसकी और  उसके बच्चों की मुस्कुराहट  को मैं नज़रअन्दाज नही कर पाई और पूछ बैठी -“ गंगा आप कहाँ से ---  वाक्य पूरा होने से पहले ही खनकती आवाज़‎ कानों में गूंजी -- दीदी पहाड़ से ।” घर में घुसते स्मित मुस्कान के साथ मैं सोच रही थी - गंगा  पहाड़ से …., वास्तव में गंगा हिमालय‎ में अपने उद्गम गंगोत्री से निकल कर निचले मैदानी भूभागों में उतरती है  और यह गंगा भी उत्तरांचल से है अभावों में भी हँसती मुस्कुराती गंगा शादी-ब्याह के दिनों में अधिक व्यस्त हो जाती और उसके मासूम और समझदार बच्चे हवेली के चबूतरे पर बैठे माँ की राह तकते। कई बार वहाँ‎ से निकलते उनकी प्रतीक्षा ‎रत उदास‎ आँखें‎ देखती तो कभी माँ के साथ खिलखिलाने की खनक सुनती । रोज के आने-जाने के रास्ते में वह हवेली होने के कारण  मेरा उनसे एक अलग सा रिश्ता हो गया था मुस्कुराहट भरा  । गंगा को देख  कर कई बार सोचती  कि निश्च्छलता और सौम्यता की  यह अनुकृति कहाँ आ पहुँची पहाड़ों का सरल जीवन छोड़ कर । पति के साथ छोटे से प्रकृति के गोद में बसे गाँव को छोड़ते हुए कितने सपने होंगे इसकी आँखों में । और कल्पना कर बैठती गंगोत्री से निकल कर कल कल करती इठलाती गुनगुनाती  हरिद्वार से मैदानी इलाकों में प्रवेश करती गंगा नदी की...., जो वहाँ से निचले भूभागों में आ कर अपना आरम्भिक स्वरूप खो देती है ।
       एक दिन बच्चों की अंगुली थामे  गंगा मेरे सामने आ खड़ी हुई- "दीदी मैं जा रही हूँ‎।”  कहाँ ?  मैंने पूछा‎ ।
 “पहाड़ पर दीदी ! वहाँ अपने लोग हैं बच्चों का ख्याल रखने को । मजदूरी ही करनी है ना .. तो‎ वहीं कर लूंगी इनको पढ़ाना लिखाना जरूरी  है ना….,मोटा खा-पहन कर काम चला लेंगे । यहाँ सब कुछ महंगा …,  दम घुटता है यहाँ ।”  मैंने बोझिल मन से विदा दी उसे । एक अनजाना सा मोह का धागा उससे और उसके बच्चों से जो जुड़ गया था मेरा । तभी अन्दर से अम्मा‎ की आवाज आई- “कौन है?" 
 --  "गंगा है अम्मा‎ , विदा लेने आई थी ।”  
 -- कहाँ जा रही है ? बाहर निकलते  हुए उन्होंने पूछा।
-- वापस पहाड़ पर अम्मा‎ ! 
--क्यों ….?
--यहाँ उसका अस्तित्व खो रहा है अम्मा । मैंने उदास सा जवाब दिया ।
                            ***

मंगलवार, 12 नवंबर 2019

"फैसला"

उसकी दिनचर्या तारों भरी भोर से आरम्भ हो अर्द्धरात्रि में नीलाकाश की झिलमिल रोशनी के साथ ही समाप्त
होती थी । अक्सर काम करते करते वह प्रश्न सुनती - "तुम ही कहो ? कमाने वाला एक और खाने वाले दस..मेरे बच्चों का भविष्य मुझे अंधकारमय ही दिखता है ।" और वह सोचती रह जाती..,तीन माह पूर्व की नवविवाहिता के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं था ।
 "सुनो ! मायके जा रही हो ? जब तक नहीं बुलायें वहीं
रहना । यहाँ टेंशन चल रही है । जैसे ही सब सही होगा
बुला लेंगे ।" आदेश पर उसने गर्दन हिला कर स्वीकृति
दे दी चलते-चलते ।
महिने भर बाद मायके में सुगबुगाहट - "कब जा रही हो ' लेने कब आ रहे हैं ?" फिर सवाल..लेकिन जवाब कहाँ थे उसके पास । लगभग तीन महिने बाद उसने निर्णय लिया सब सवालों के जवाब देने का । स्कूल- कॉलेज खुल गए थे
नये सत्र के साथ । वह कॉलेज गई.. एडमीशन की प्रक्रिया पूरी की..घर आ कर जैसे ही सब को अपने निर्णय से
अवगत कराया , कानाफूसी और आलोचनाओं के तेवर
तीखे हो गए  - "आजकल की लड़कियां..धैर्य और सहनशक्ति छू कर भी नहीं निकली इन्हें ।" वह जानती थी तेवर और तीखे होंगे और आलोचनाएँ भी मगर फैसला हो चुका था ।

★★★★★

रविवार, 22 सितंबर 2019

"खुशी"

अपना वजूद भी इस दुनिया का एक हिस्सा है उस पल को महसूस करने की खुशी , आसमान को आंचल से बाँध लेने
का  हौंसला , आँखों में झिलमिल - झिलमिलाते  सपने और आकंठ हर्ष आपूरित आवाज़ -
                                        “ मुझे नौकरी मिल गई है , कल join करना है वैसे कुछ दिनों में exam भी हैं……, पर
मैं सब संभाल लूंगी।” कहते- कहते उसकी आवाज
शून्य में खो सी गई । मुझे खामोश देख
वो फिर चहकी - “ मुझे पता है आप
अक्सर मुझे लेकर चिन्तित होती हो , मैंंने सोचा सब से
पहले आप से खुशी बाँटू। “
                  मैं सोच रही थी अधूरी पढ़ाई , गोद में बच्चा , घर की जिम्मेदारी और ढेर सारे सामाजिक दायित्व । ये भी नारी का एक रुप है कभी बेटी , कभी पत्नि तो कभी जननी । हर रूप में अनथक परिश्रम करती है और अपना अस्तित्व कायम रखने के लिए अवसर की तलाश में रहती है ।अवसर मिलते ही पल्लवित होती है अपनी  पूर्ण सम्पूर्णता के साथ।
                   दमकते चेहरे और उसके बुलन्द हौंसलों को देखकर मुझे बेहद खुशी हुई और यकीन हो गया कि एक दिन फिर वह निश्चित रूप सेे इस से भी बड़ी खुशी मुझसे बाँट कर मुझे चौंका देगी ।

XXXXX

मंगलवार, 4 जून 2019

"एक कप चाय" (लघुकथा)

दिसम्बर की कोहरे में ठंड से कड़कड़ाती रात और दूर की रिश्तेदारी में विवाह । अचानक खबर आई कुछ लोग रात भर रुकेंगे उनके यहाँ.. बरसों बाद मिले सगे-सम्बन्धियों में जब बातें शुरू होती हैं तो थमती कहाँ हैं और समय ठंड का हो तो गर्म चाय के साथ गर्मजोशी से स्वागत करना तो बनता ही है।
               चाय बनाने की जिम्मेदारी उसकी थी और बातों के दौर के मध्य से  कुछ कुछ अन्तराल के बाद 'एक कप चाय' की फर्माइश आ ही रही थी अतः चट्टाई बिछा कर वह रसोईघर में ही बैठ गई । सभी तो अजनबी थे उसके लिए मगर वे परिचित थे तभी तो साधिकार नाम के साथ बिटिया के संबोधन के साथ 'एक कप चाय' की मांग हो रही थी । उन परिचितों के बीच एक जोड़ी अपरिचित आँखें भी थी जिनकी अपनत्व भरी आंच उसको कमरे में जाने से रोक कर रसोई से ही आवाज देने को विवश कर रही थी ।
                      भोर से पूर्व मंदिरों की आरती की घंटियों ने प्रभात-वेला होने की सूचना दी कि सभी जाने की तैयारी में लग गए । उसने कमरे की दहलीज पर पहुँच कर पूछा---'एक कप चाय और' ...स्नेहिल आशीर्वाद भरे ठंडे हाथ उसके ठंडे बालों पर स्वीकृति से टिके कि एक आवाज आई--' चलो एक कप चाय और …, हो ही जाए ।' सर्दियाँ हर साल आती हैं और उनके साथ कोहरा भी…, मंदिरों की आरती आज भी नियत समय पर होती है मगर घंटियों की आवाज के साथ उसके कानों में एक आवाज आज भी गूंजती है ---'चलो एक कप चाय और …, हो ही जाए ।'
आरती के समय पौ फटने से पूर्व उसके हाथ भाप उड़ाती चाय की प्याली को उठा कर होठों से लगा लेते हैं ..., दिमाग आज भी अतीत के गलियारों में घूम रहा है कुछ सोचते हुए ।

                    ***********

गुरुवार, 23 मई 2019

"वक्त"

दोपहर का समय और दैनिक कामों में उलझी मैं कुछ सोच रही थी कि मोबाइल पर कोयल की कुहूक ने ध्यान अपनी ओर खींच लिया । जैसे ही कॉल अटैंड की उधर से बिना सम्बोधन के परिचित आवाज आई--'कब आओगी.. आठ बरस बीत गए । कल सपने में दिखी..कभी मिलने को मन नहीं करता ?'
      उस लरजती आवाज से मन का कोई कोना भीग सा गया और भरे गले से मैने जवाब दिया--'आऊँगी ना..मन मेरा भी करता है । आप सब व्यस्त रहते हो..आऊँगी जल्दी ही.. वक्त निकाल कर ।'
           'पक्का ना .., बहाना नहीं । मैं छुट्टी ले लूंगी एक-आध दिन की ।'  इधर-उधर की कुशल-क्षेम के
बाद हम दोनों ने एक दूसरे से विदा ली ।
         मोबाइल टेबल पर रखते हुए मैं सोच रही थी -- उम्र भर के नेह और आठ बरस के बिछोह के हिस्से में केवल एक-आध दिन । ---- 'आजकल वक्त बहुत कीमती हो गया है शायद ।'

                       xxxxx

रविवार, 19 मार्च 2017

“अवसर”


स्कूल में दसवीं कक्षा में अनिवार्य सा कर दिया था कि
प्रवेश-पत्र लेने आने से पूर्व तक हर छात्र-छात्रा को “साक्षरता-अभियान” के अन्तर्गत किसी एक अनपढ़
को अक्षर-ज्ञान से पारंगत करना है । कई बार दूर - दराज मौहल्लों में हमें समूह में स्कूल की तरफ से ले जाया
जाता था जहां की अधिकांश महिलाएं और बालिकाएं  अक्षर-ज्ञान से वंचित थीं । मगर 
कहते हैं न कि इन्सान सदा अपने लिए shortcut ढूंढता
है , मैंने भी ढूंढ लिया था । घर काम 
करने आने वाली महरी जिन्हें हम चाची कहते
थे - उनकी बेटी । अक्सर वह चाची के व्यस्त होने पर
काम के लिए आया करती थी , मैंने अपने मिशन को पूरा करने के लिए उसे चुना । जब भी वो काम के लिए
आती मैं कापी-पेन्सिल लेकर अपने मिशन को पूरा
करने के लिए जुट जाती । मूडी होने के कारण
कभी वह ध्यान से पढ़ती तो कई बार पढा़ई को बेकार
काम बता कर मुझे निराश कर देती । 
एक दिन उसने बर्तन साफ करते हुए बडी़ सी थाली
में मिट्टी भर कर अंगुली से अपना नाम उकेर कर
मुझे आवाज दी -- 'देख ठीक है !’
मैंने​ खुशी से लगभग चिल्लाते हुए कहा -- 'वाह !
तू तो बड़ी intelligent निकली ।'
गर्मियों में बिजली गुल होने पर पंखे - कूलर बंद
 होते ही रात के समय आस-पास की आवाजें 
साफ सुनाई देती हैं । शादी के गीतों की आवाजें 
सुन कर पूछने पर पता चला महरी की बेटी की 
शादी है। दूसरे दिन मैंने पूछा --’ आप इतनी सी 
उम्र में उसकी शादी क्यों कर रहीं हैं ? मां ने मुझे
 टोका --'पढा़ई कर ! बड़ों की बात में नहीं बोला 
करते ।’ लेकिन चाची ने उत्तर दिया बड़ी शांति से -- 'मेरे जितना कद हो गया है उसका , घर संभाल लेती है ।
अच्छा वर मिल रहा था अवसर हाथ से कैसे जाने देती ।'
 लगभग चार-पांच साल बाद एक दिन  वो गली के
छोर पर खड़ी नगर-पालिका में निर्वाचित हमारे ward member को लताड़ रही थी -- ‘ नालियां कितनी
गंदी हैं ?  कूड़े के ढेर गली के कोने पे लगे पडे़ हैं। किस
बात के नगरपालिका सदस्य हैं आप ? हमारे गांव चलकर देखो आप ! मजाल है कहीं अव्यवस्था मिल जाए।’
उसकी हिम्मत से अचंभित थी मैं । जब वह घर
मिलने के लिए आई तो पता चला कि वो अपने ससुराल
में अपने वार्ड की निर्वाचित सदस्य 
थी । नगरपालिका चुनाव में उसका वार्ड  महिलाओं के
लिए सुरक्षित सीट वाला था । वो साक्षर थी “अवसर“ मिल रहा था और वो अवसर चूकने वालों में से नही थी ।

★★★★★