Copyright

Copyright © 2026 "मंथन"(https://www.shubhrvastravita.com) .All rights reserved.

गुरुवार, 22 फ़रवरी 2018

"अपने पराये"


(This image has been taken from google)
पेड़ों की डाल से
टूट कर गिरे चन्द फूल‎
अलग नही है
ब्याह के बाद  की बेटियों से
आंगन तो है अपना ही
पर तब तक ही
जब तक साथ था
डाल और पत्तियों‎ का
अब ताक रहे हैं
एक दूसरे  को यूं
जैसे  घर आए मेहमान हो
बेटियां भी तो मेहमान ही
बन जाती हैं तभी तो
पराया धन कहलाती हैं
आयेगा एक हवा का झोंका
और एक दूसरे से कह उठेंगे यूं
अब के बिछड़े  ना जाने
कब मिलेंगे
यदि मिले इस जन्म‎ में तो
बस चन्द लम्हों के लिए
मेहमानों  के तरह मिलेंगे

XXXXX

शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2018

"अजनबी"

बड़े अजनबी होते हैं शहर
हाथ बढ़ा‎ओ तो भी
दोस्ती नही करते बस
अपनी ही झोंक में रहते हैं

गाँव के तो पनघट भी बोलते हैं
कभी कनखियों से
तो कभी मुस्कुरा  के
फुर्सत हो तो हवा के झोकों संग
कभी कभी हाल-चाल भी
पूछ लिया करते हैं

शहरों की बात ही अलग है
अपनी ही धुन में भागे जाते हैं
और तो और…..,
जिस लिफ्ट से हजार बार गुजरो
अजनबी ही रहती है कुछ इमरजेन्सी नम्बरों और
बटनों के साथ बस घूरती .....,
एक खट् की आवाज मानो कह रही हो---
“अब उतर भी जाओ ।”

        XXXXX

मंगलवार, 13 फ़रवरी 2018

“शिव स्तुति” (हाइकु)"

जै त्रिपुरारि
जै जै शिव शंकर
भोले भण्डारी

काशी के वासी
जै नीलकंठधर
त्रिनेत्र धारी

जै गंगाधर
प्रकृति के रक्षक
शशि शेखर

गौरी के प्रिय‎
कैलाश अधीश्वर
विष्णु वल्लभ

करें वन्दन
यक्ष, देव, गन्धर्व
जड़- चेतन

भक्त मगन
शिवरात्रि पावन
मन भावन

    xxxxxxx

शुक्रवार, 9 फ़रवरी 2018

“चाँद"

चाँद निकलता है रात में,
लेकिन कभी कभी‎
यह दिन में भी
दिखता है ।
फर्क बस इतना है
रात वाला चाँद,
धुला धुला सा
निखरा और उजला सा ,
पेड़ों की फुनगियों से झांकता 
दुख में दुखी
और खुशियो में ...., 
"चार चाँद लगाता” 
दिखता है ।
 लेकिन दिन वाला चाँद ,
खून निचुड़ा सा
रूई का सा फाहा
शक्ति हीन और श्री विहीन
हालात का मारा
आम आदमी सा
 दिखता है ।

           xxxxxxx

मंगलवार, 6 फ़रवरी 2018

"ताँका"

"पतझड़”

नव पल्लव
विकसे तरु शाख
जीर्ण से पात
झरे विटप गात
पतझड़ के बाद

  किसान”

मुँह अँधेरे
किसान चल दिया
खेतो की ओर
जी तोड़ मेहनत
नतीजा मुट्ठी भर
   
xxxxxxx
   

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

"भड़ास"

भौगोलिक परिवेश में
धरती की हलचल ।
अन्दरुनी परतों के
खिसकने का हाल
बयान करती है ।
अन्दर सब कुछ‎ ठीक !!‎
मगर सब ठीक कहाँ होता है ?
धरा  को तो ध्वंस झेलना ही पड़ता है ।
इन्सान की भड़ास भी
वसुन्धरा की इस
हलचल से कम नही ।
जब निकलती है तो
ना जाने कितने ही
तंज और व्यंग उगलती है ।
उगल कर ढेर सारा लावा
खुद हो जाती है  शांत और‎
दूसरों पर मुसीबत बनती है ।
      
         XXXXX

गुरुवार, 25 जनवरी 2018

"26 जनवरी” (गणतन्त्र दिवस)

हर्षोल्लास में डूबे स्वर……,आज से ग्राउण्ड में जाना है “26 जनवरी" की तैयारी के लिए‎ । और फिर वह चिरप्रतीक्षित दिन….., मुँह अंधेरे अपनी अपनी स्कूलों की तरफ लकदक करती यूनिफॉर्म पहने भागते बच्चे……,रंग-बिरंगे परिधानों से सजे लोगों की भीड़ से भरी गलियां । सभी का एक ही लक्ष्य ….,  समय रहते उस बड़े से ग्राउण्ड में एकत्र होना जहाँ गणतन्त्र दिवस के आयोजन को सम्पन्न‎ होना है।
                   लाउडस्पीकरों पर पुरानी फिल्मों के देशभक्ति गीत ---- (1)  मेरे देश की धरती………,
(2) अब कोई गुलशन न उजड़े अब वतन …………,
(3)   ए मेरे वतन के लोगों‎…………., ओस भरी सर्दियों में जोश और ओज बढ़ा कर रक्त‎ संचार‎ तीव्र कर देते थे । जब से होश संभाला इस राष्ट्रीय पर्व को इसी जोश और जुनून से जीया । एक ही ग्राउण्ड पर पहले एक छात्रा के रूप में और फिर एक माँ  के रुप में मनाने के गर्व की तो बात ही क्या, बैण्ड की मधुर स्वर लहरियों पर ध्वजारोहण पर बजता राष्ट्रगान, परेड करते स्कूली बच्चे और विभिन्न कार्य‎क्रम ..,
उत्सव के समापन के साथ सब छवियां आँखों‎ में भर कर जाती भीड़ अगले वर्ष की सर्दियों तक मानों प्रतीक्षा‎रत ही रहती ।
                            एक पीढ़ी का ही अन्तराल आया है ना जाने क्यों शिक्षा के उर्ध्वमुखी समाज में जीते हम लोग कई बार स्वतन्त्रता‎ दिवस और गणतन्त्र दिवस में भेद करना भूल‎ जाते हैं‎ ।  पन्द्रह‎ बीस वर्ष पूर्व  क्या‎ बच्चे और क्या बड़े ? साक्षर हो या निरक्षर हर व्यक्ति‎ को जुबानी याद था------
स्वतन्त्रता दिवस ----”देश को आजादी मिली थी इस दिन, अंग्रेज भारत छोड़ कर अपने देश चले गये थे ।”
गणतन्त्र दिवस------”ये भी नही पता…..,इस दिन हमारे देश का संविधान लागू हुआ था ।”
और  संविधान ?
संविधान------”लिखित और अलिखित परम्परा‎ओं और कानूनों का वह संकलन, जिससे किसी भी देश का राज-काज (शासन) चलता हो ।”
                         हम  हमारा 69 वां गणतन्त्र मना रहे हैं बड़े हर्ष और गर्व का विषय है यह हमारे लिए‎ , मगर  एक सवाल‎ उठता है मन में कि क्या अब भी पुराने लोगों की तरह जोश और जुनून के साथ हमारे नौनिहालों में हमारे राष्ट्रीय पर्वो के लिए‎  जिज्ञासा का भाव है ? अगर नही में उत्तर मिलता है तो कारण खोजने के साथ समस्या का समाधान‎ खोजने का दायित्व भी हम सब का है ।

(  सभी साथियों‎ को गणतन्त्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभ‎कामनाएँ  )
जय हिन्द !!!  जय भारत !!!
  

        XXXXXX