बिन बुलाए मेहमान सी
चली आती हो सात तालों में बंद
मेरे मन के दरवाजे पर..
कभी अनुराग बन
तो कभी विराग बन
तुम्हारी अंगुली थामें
चंचल हिरण सा...
मेरा मन थिरकता है
खुले दरवाजे की दहलीज पर
मेरा मौन मुखर हो विहंसता है
अचानक कहीं से विहग की
टहकार आती है
बेसुध सी चेतना
वर्तमान के आंगन में
आज की महत्ता का
मंथन कराती है
मौन की गहराइयों में
मन डूबता-उतराता है
और इसी के साथ
एक-एक बंद ताले
साकार और सजीव हो ...
मांग उठते हैं हिसाब
अपनी-अपनी गुमशुदा कुंजी का…
***
【चित्र :- गूगल से साभार】


